दूसरी और तीसरी के विद्यार्थियों की पढ़ाई से जुड़ी जानकारी देने के लिए बनाया गया है एप
नंबर गेम-18,623 विद्यार्थी हैं जिले में
नंबर गेम- 7,600 अभिभावकों ने किया डाउनलोड
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सरकारी स्कूलों में दूसरी और तीसरी के विद्यार्थियों की पढ़ाई से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी देने के लिए बनाया गया निपुण एप अपने मकसद में कामयाब नहीं हो रहा है। जिले में इन दोनों कक्षाओं में 18,623 विद्यार्थी हैं। इनमें से सिर्फ 7,600 छात्रों के अभिभावकों ने एप डाउनलोड किया है। एंड्राइड फोन और तकनीकी जानकारी के कारण करीब 60 फीसदी अभिभावकों के पास एप नहीं पहुंच पाया है।
इसके माध्यम से अभिभावक बच्चों की स्कूल में उपस्थिति, पढ़ाई से जुड़ी गतिविधियों और सीखने की प्रगति की जानकारी ले सकते हैं। साथ ही, शिक्षक से संवाद भी किया जा सकता है। एप में बच्चों को खेल-खेल में सीखने से जुड़ी गतिविधियां भी उपलब्ध कराई जाती हैं।
जिला समन्वय अधिकारी मनोज लाकड़ा ने बताया कि कई अभिभावकों के पास एंड्रायड फोन नहीं है। जिन अभिभावकों के पास फोन हैं उनके पास तकनीकी जानकारी का अभाव है। इस कारण एप डाउनलोड की संख्या काफी कम है। उन्होंने कहा कि एप को अभिभावक तक पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। स्कूलों में होने वाली पीटीएम के दौरान अभिभावकों को निपुण पेरेंट्स एप के बारे में जानकारी दी जा रही है। शिक्षकों की ओर से एप डाउनलोड करने और इसका इस्तेमाल करने का तरीका भी समझाया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक अभिभावक एप से जुड़ें, ताकि वे घर से भी बच्चों की पढ़ाई में सहयोग कर सकें।
वर्जन
स्कूल में करीब 70 प्रतिशत अभिभावक ऐसे हैं जिन्होंने निपुण पेरेंट्स एप डाउनलोड नहीं किया है। कुछ अभिभावकों के पास एंड्राइड फोन नहीं है। वहीं कुछ अभिभावकों को एप के बारे में जानकारी नहीं है। स्थिति को सुधारने का प्रयास किया जा रहा है। - अशोक, प्रधानाचार्य, पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-4/7
स्कूल की ओर से पीटीएम के दौरान अभिभावकों को एप की जानकारी देकर इसे डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिन अभिभावकों को तकनीकी जानकारी कम है, उन्हें शिक्षक एप चलाने का तरीका भी समझा रहे हैं। -नवीन, प्रधानाचार्य, राजकीय प्राथमिक विद्यालय, भीमगढ़खेड़ी
जिले में कक्षा दूसरी और तीसरी के कुल 18,623 विद्यार्थी हैं। अब तक करीब 7,600 लोगों ने निपुण पेरेंट्स एप डाउनलोड किया है। स्कूलों के माध्यम से अभिभावकों को एप डाउनलोड करने और बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी जानकारी लेने के लिए जागरूक किया जा रहा है। -मनोज लाकड़ा,जिला समन्वय अधिकारी, शिक्षा विभाग