जलभराव के कारण निदेशालय ने लिया फैसला, 12 से 14 सितंबर तक जींद में होनी थी आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जींद में 12 से 14 सितंबर तक आयोजित होने वाली 58वीं राज्यस्तरीय खेल प्रतियोगिताएं अब तय कार्यक्रम पर नहीं होंगी। निदेशालय माध्यमिक शिक्षा हरियाणा, पंचकूला की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि प्रतियोगिताओं को जलभराव की समस्या के चलते स्थगित करने का निर्णय लिया गया है।
इन खेलों में हैंडबॉल (अंडर-14, 17, 19 लड़कियां) और खो-खो (अंडर-14, 17, 19 लड़के व लड़कियां) की प्रतियोगिताएं शामिल थीं। प्रदेशभर से दर्जनों टीमें इसमें भाग लेने वाली थीं, जिनमें गुरुग्राम जिले के खिलाड़ी भी पूरी तैयारी के साथ जींद रवाना होने की योजना बना चुके थे। प्रतियोगिता स्थगित होने से खिलाड़ियों और कोचों को निराशा हुई है, लेकिन वे नई तिथियों का इंतजार कर रहे हैं। निदेशालय की ओर से कहा गया है कि नई तिथियों की घोषणा जल्द ही की जाएगी।