- यातायात पुलिस ने लगाया 39.83 लाख रुपये का जुर्माना
फोटो-
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले की सड़कों पर गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने अगस्त में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने 5,717 वाहनों के चालान काटकर चालकों पर 39,83,500 रुपये का जुर्माना लगाया। गलत दिशा में वाहन चलाने से हादसों का खतरा बढ़ने के साथ यातायात प्रभावित होता है और पैदल यात्रियों को भी परेशानी होती है।
यातायात पुलिस ने एक से 31 अगस्त तक अभियान चलाकर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की। इसके अलावा बुधवार को चालान नहीं, सलाम मिलेगा अभियान के तहत तीन यातायात पाठशालाओं का आयोजन किया गया। इनमें करीब 100 लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने लोगों को निर्धारित लेन में वाहन चलाने, गलत दिशा में ड्राइविंग से बचने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने समेत अन्य नियमों की जानकारी दी। यातायात पुलिस प्रवक्ता विकास वर्मा ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही लोगों को नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।