गुरुग्राम। साइबर अपराध थाना पश्चिम क्षेत्र में जालसाजों ने आईटी इंजीनियर को नौकरी का झांसा देकर 57 हजार रुपये की ठगी कर ली है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पंचकूला निवासी जितेंद्र सिंह यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पंचकूला में निजी क्षेत्र में आईटी इंजीनियर कार्यरत हैं। अक्तूबर 2023 में वह अच्छे अवसर की तलाश में गुरुग्राम में रह रहे थे। इस दौरान रोहित श्रीवास्तव ने उसे फेसबुक पर बताया कि उनके पास गुरुग्राम स्थित पेपैल कंपनी में नौकरी का अवसर है। जितेंद्र की सहमति पर साक्षात्कार के लिए व्हाट्सएप ऑडियो कॉल आई। व्हाट्सएप ऑडियो कॉल पर ही उसका साक्षात्कार हो गया।
इसके बाद जितेंद्र सिंह को बताया गया कि उसका चयन हो गया है। इसके लिए रोहित श्रीवास्तव ने जितेेंद्र सिंह से कमिशन मांगा तो उसने गूगल-पे के माध्यम से 57 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए लेकिन उसकी नौकरी नहीं लगी। करीब छह-सात माह तक जितेंंद्र सिंह ने रोहित श्रीवास्तव को मैसेज किए लेकिन उसे कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जितेंद्र सिंह को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ और उसने पुलिस को शिकायत दी।