कोहरे की मार उस पर अवैध स्टॉपेज की भरमार
गुरुग्राम। ट्रैफिक पुलिस के लाख दावों के बावजूद दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर वाहनों का अवैध तरीके से ठहराव बंद नहीं हुआ है। एंबियंस मॉल से झाड़सा मोड़ तक करीब 14 किमी की दूरी में 10 जगहों पर कैब और निजी वाहनों के अवैध स्टॉपेज बने हुए हैं। सर्दी में कोहरे की वजह से यह अवैध स्टॉपेज के साथ बने कट और मोड़ दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में तब्दील हो गए हैं। बृहस्पतिवार को घने कोहरे के बीच एक्सप्रेसवे पर जगह-जगह ऐसे ही वाहनों के रुकने से हादसों का खतरा बढ़ गया। ट्रैफिक पुलिस ने अगर समय रहते इस दिशा में कार्रवाई नहीं की तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इसी पर पेश है अमर उजाला लाइव रिपोर्ट-
-----------------
1. एंबियंस मॉल
एक्सप्रेसवे पर दिल्ली की ओर से एंबियंस मॉल के पास कैब और निजी कारों के रुकने से तेज रफ्तार में आने वाले वाहनों का भिड़ने का खतरा हमेशा बना रहता है। होटल लीला के पास ट्रैफिक पुलिस का बूथ होने के बावजूद इन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
2. शंकर चौक फ्लाईओवर के आगे
साइबर हब, उद्योग विहार स्थित निजी कंपनियों में काम करने वाली सवारियों को उतारने के लिए कैब चालकों ने शंकर चौक फ्लाईओवर खत्म होने वाले स्थान पर अवैध स्टॉपेज बना रखा है। इसकी वजह से दिल्ली की ओर से तेज रफ्तार में आने वाले वाहनों को निकलने का रास्ता तक नहीं मिल पाता।
3. एटलस चौक
कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों के होने से एटलस चौक पर एक्सप्रेसवे के दोनों तरफ कैब गाड़ियां बीच रास्ते में खड़ी रहती हैं। कई बार सवारियों को उतारने-चढ़ाने के फेर में वाहनों की टक्कर हो चुकी है। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की अनदेखी के कारण यहां रोज जाम की स्थिति बनी रहती है।
4. सिग्नेचर टावर
सिग्नेचर टावर फ्लाईओवर शुरू होने वाले स्थान पर इफ्को चौक और एक्सप्रेसवे का रास्ता मिलता है। यहां अवैध तरीके से वाहन खड़े रहते हैं। कोहरा होने से बृहस्पतिवार को इन वाहनों के दिखाई नहीं देने से कई वाहन टकराने से बचे।
सर्विस लेन बने अवैध स्टॉपेज
एक्सप्रेसवे की तरह सर्विस लेन पूरी तरह कैब-टैक्सी और निजी बस चालकों के लिए अवैध स्टॉपेज बने हुए हैं। झाड़सा चौक, इफ्को चौक, सेक्टर-31 चौक सर्विस लेन पर अत्यधिक मोड़ होने के बावजूद वाहन चालक बीच रास्ते में वाहन रोक लेते हैं।
पीक आवर्स में ट्रैफिक पुलिस रही नदारद
एक्सप्रेसवे पर अवैध तरीके से वाहनों के रुकने पर कार्रवाई का दावा करने वाली ट्रैफिक पुलिस मौके पर नहीं मिली। सुबह पीक आवर्स में पुलिस की गैर मौजूदगी में कैब और वाहन चालक जगह-जगह सवारियां बैठाते नजर आए।
---------------
एक्सप्रेसवे पर अवैध तरीके से रुकने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसके लिए जगह-जगह ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ केस भी दर्ज किए जा रहे हैं।
हीरा सिंह, एसीपी ट्रैफिक, गुरुग्राम