गुरुग्राम। खेल विभाग द्वारा अवार्ड प्राप्त लोगों के बैंक खातों में 5 माह की राशि डाली गई है, जिसमें द्रोणाचार्य अवार्डी व अर्जुन अवार्डी के खातों में 20 हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से और भीम अवार्डी के खातों में 5 हजार प्रतिमाह के हिसाब से डाले गए हैं।
इसमें द्रोणाचार्य महाविद्यालय में खेल विभागाध्यक्ष डॉ. सुनील डबास द्रोणाचार्य अवार्डी, राजेश पट्टू अर्जुन अवार्डी, अनूप कुमार अर्जुन अवार्डी, मनमोहन सिंह अर्जुन अवार्डी, राजकुमार सांगवान अर्जुन अवार्डी व भीम अवार्डी, विवेक सिंह अर्जुन अवार्डी, शक्ति सिंह अर्जुन अवार्डी व भीम अवार्डी, गीता जुत्शी अर्जुन अवार्डी, समीर सुहाग अर्जुन अवार्डी, एमके कौशिक द्रोणाचार्य अवार्डी को 20-20 हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से 1-1 लाख रुपये उनके खातों में डाले गए हैं।
वहीं, पूनम तनेजा भीम अवार्डी, शिवानी कटारिया भीम अवार्डी, ओमप्रकाश सिंह भीम अवार्डी व रणवीर सिंह सैनी भीम अवार्डी को 5-5 हजार रुपये के हिसाब से 25-25 हजार उनके खातों में भेजे गए हैं। गुरुग्राम के जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी जेजी बैनर्जी ने बताया कि अवार्ड प्राप्त लोगों को जनवरी से मई माह तक की राशि विभाग द्वारा उनके बैंक खातों में डाली गई है। भीम अवार्ड प्राप्त करने वालों को पहली बार यह राशि दी जा रही है, जबकि द्रोणाचार्य अवार्ड व अर्जुन अवार्ड प्राप्त करने वालों की राशि 5 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये प्रतिमाह की गई है।