-ऑपरेशन स्माइल अभियान में मानव तस्करी निरोधक इकाई की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिला में चलाए जा रहे ऑपरेशन स्माइल अभियान के तहत मानव तस्करी निरोधक इकाई और एमडीडी ऑफ इंडिया टीम (शक्ति वाहिनी) ने स्थानीय पुलिस बल के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए तावडू शहर से भीख मांगने और बाल मजदूरी में लगे पांच बच्चों का रेस्क्यू किया। यह अभियान बच्चों को शोषण और असुरक्षित परिस्थितियों से मुक्त कराने के उद्देश्य से चलाया गया।
रेस्क्यू के बाद सभी बच्चों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के तहत तावडू शहर थाना में डीडी एंट्री कराई गई। इसके उपरांत बच्चों का सिविल अस्पताल नूंह में मेडिकल परीक्षण कराया गया, ताकि उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जांच की जा सके। मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष पेश किया गया, जहां उनकी विस्तार से काउंसलिंग की गई। बाल कल्याण समिति ने बच्चों और उनके पारिवारिक हालात को ध्यान में रखते हुए आदेश जारी किए। इस कार्रवाई के दौरान एएसआई कुलवंत, हेड कांस्टेबल आजाद सिंह, एमडीडी ऑफ इंडिया (शक्ति वाहिनी) टीम से नरेश और काउंसलर मीनू मौजूद रहे। वहीं बाल कल्याण समिति की ओर से चेयरपर्सन विनोद कुमार, सदस्य राधेश्याम और सदस्य निशा रानी भी उपस्थित रहे।