अब 10 विशेष लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियों में तैनात एक हजार पुलिसकर्मी आपातकालीन स्थिति पर पाएंगे काबू
कानून व्यवस्था संबंधी चुनौती, धरना-प्रदर्शन, भीड़ नियंत्रण, साम्प्रदायिक तनाव, वीआईपी ड्यूटी, आपदा प्रबंधन में देंगी तुरन्त रिस्पांस
10 एसीपी स्तर के पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में कंपनियां रहेंगी मुस्तैद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं त्वरित बनाने के लिए पुलिस ने 5 अतिरिक्त विशेष लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियों का गठन किया है। इन कंपनियों के गठन से गुरुग्राम में अब कुल 10 विशेष लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियों में 1 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इन कंपनियों का गठन किसी भी प्रकार की आपातकालीन, संवेदनशील अथवा कानून व्यवस्था से संबंधित स्थिति में तत्काल प्रभाव से कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया गया है।
5 नई लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियां बनने के बाद अब गुरुग्राम के सभी पुलिस जोन में 8 कंपनियां जोनवार स्थापित हो गई हैं। इनमें पुलिस के पूर्व जोन, पश्चिम जोन, दक्षिण जोन व मानेसर जोन की दो-दो कंपनी शामिल है। इसके अतिरिक्त 2 कंपनियां पुलिस उपायुक्त मुख्यालय के अधीन कार्य करेगी। आवश्यकता पड़ने पर इन कंपनियों को जिले के किसी भी क्षेत्र में तत्काल तैनात किया जा सकेगा। प्रत्येक लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनी में कुल 107 पुलिसकर्मी नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक कंपनी का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) रैंक के अधिकारी द्वारा कंपनी कमांडर के रूप में किया जाएगा। वहीं, निरीक्षक रैंक के अधिकारी असिस्टेंट कमांडर के रूप में कंपनी के संचालन एवं समन्वय की जिम्मेदारी निभाएंगे।
कानून व्यवस्था संबंधी चुनौती, धरना-प्रदर्शन, भीड़ नियंत्रण, सांप्रदायिक तनाव की स्थिति में त्वरित प्रतक्रिया उद्देश्य
इन कंपनियों का मुख्य उद्देश्य किसी भी प्रकार की अराजक स्थिति, कानून व्यवस्था संबंधी चुनौती, धरना-प्रदर्शन, भीड़ नियंत्रण, सांप्रदायिक तनाव, वीआईपी ड्यूटी, आपदा प्रबंधन अथवा अन्य विशेष परिस्थितियों में त्वरित रिस्पांस देना तथा प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करना है। प्रशिक्षित एवं संगठित स्वरूप में कार्य करने वाली ये कंपनियां गुरुग्राम पुलिस की कानून व्यवस्था बनाए रखने की क्षमता को और अधिक सशक्त करेंगी। पुलिस आयुक्त शिबास कविराज ने कहा कि गुरुग्राम पुलिस द्वारा भविष्य की आवश्यकताओं एवं बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए कुल 10 लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियों का गठन किया गया है। इन कंपनियों के गठन से जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्यवाही करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की क्षमता में और अधिक वृद्धि होगी।