मुख्यमंत्री ने जिले में 188 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विश्रामगृह में 188 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। उन्होंने जीएमडीए के चंदू बुढ़ेरा के 100 एमएलडी पानी शोधन संयंत्र का शुभारंभ किया। इससे न्यू गुरुग्राम के करीब 4.5 लोगों को राहत मिलेगी। इस संयंत्र के निर्माण की लागत 63.18 करोड़ रुपये है।
इस परियोजना के माध्यम से न्यू गुरुग्राम के 81 से 115 तक 34 सेक्टरों में रहने वाले 4.5 लाख से अधिक परिवारों को शुद्ध पेयजल मिलेगा। यहां नहरी पानी का संशोधन कर उसे लोगों के घरों तक पहुंचाया जाएगा। इस यूनिट के तैयार होने से लक्ष्मण विहार, तिकोना पार्क, न्यू कालोनी, ज्योति पार्क, अर्जुन नगर, सेक्टर 12 ए, दयानंद कॉलोनी आदि में 100 लीटर प्रति व्यक्ति के हिसाब से प्रतिदिन पानी की सप्लाई हो सकेगी। सोहना और पटौदी विधानसभा क्षेत्र में कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने गांव दौलताबाद, धनवापुर, सोहना, गांव घामड़ोज और सिलानी में स्कूल भवनों की आधारशिला रखी।