बाइक सवार दो युवकों ने कंपनी निदेशक से की मारपीट
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। रुपयों के लेनदेन में बाइक सवार दो युवकों ने गाड़ी में जा रहे कंपनी निदेशक को रुकवाकर मारपीट की। आरोप है कि दोनों युवकों ने उन पर बंदूक भी तान दी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार एसएल टॉवर एमजी रोड निवासी संजीव ने शिकायत में कहा कि वह एक्सट्रीम परफ्यूम कंपनी मानेसर में निदेशक के पद पर तैनात हैं। उनकी कंपनी ने अमृतसर निवासी राजीव नाम के व्यक्ति को 8.40 लाख रुपये का सामान दिया था। 22 अप्रैल को वह रुपये लेने अमृतसर गया था, जहां उन दोनों के बीच झगड़ा हो गया। थाने में उनका समझौता हो गया था। मंगलवार दोपहर को संजीव गाड़ी से साउथ सिटी की तरफ चले थे कि बाइक सवार दो युवकों ने उनकी गाड़ी रुकवा ली और उनसे मारपीट की। आरोप है कि दोनों युवकों ने राजीव को रुपये वापस न करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
----