ढोरका गांव में अवैध कॉलोनी में बने 50 से अधिक निर्माणों पर चला पीला पंजा
गुरुग्राम। जिला नगर योजनाकार विभाग ने सोमवार को ढोरका गांव में बसाई गई अवैध कॉलोनी के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने कॉलोनी में करीब 50 प्लॉटों पर बनाई गई डीपीसी सहित एक प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर पर पीला पंजा चलाकर करीब 4 एकड़ जमीन अतिक्रमण मुक्त करवाई। साथ ही कॉलोनी के लिए अवैध रूप से काटे गए रास्ते को भी उखाड़ दिया। यह कार्रवाई सीएम विंडो पर आई एक शिकायत के आधार पर की गई है।
सहायक नगर योजनाकार (इंफोर्समेंट) अमित मधोलिया ने बताया कि ढोरका गांव स्थित शहरी क्षेत्र में भू-मालिकों ने विभाग की अनुमति के बिना अवैध कॉलोनी काटी हुई थी। इसमें तेजी से अवैध निर्माण किया जा रहा था। अवैध कॉलोनी के खिलाफ जनवरी माह में सीएम विंडो पर शिकायत दी गई। इस पर जांच में शिकायत सही पाई गई। विभाग की ओर से भू-मालिकों को नोटिस जारी कर जगह खाली करने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही तहसीलदार को भी विभाग से एनओसी मिले बिना किसी भी मकान की बिक्री न करने के निर्देश दिए। बावजूद इसके भू-मालिकों ने प्लॅाटों का जीपीए करवा उन्हें लोगों को बेच दिया। जिसके बाद लोगों ने वहां रहना भी शुरू कर दिया था। एक हफ्ते पहले सभी को कब्जा खाली करने के आदेश दे दिए गए थे। इसी कड़ी में कार्रवाई करते हुए सोमवार को जिला नगर योजनाकार (इंफोर्समेंट) राजेंद्र टी शर्मा के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर कॉलोनी में करीब 50 प्लॉटों पर बनी डीपीसी और एक प्रॉपर्टी डीलर के दफ्तर पर पीला पंजा चलाकर उसे तोड़ दिया। साथ ही कॉलोनी के लिए काटे गए अवैध रास्ते को भी उखाड़ा गया है।
-------