पटौदी। सीबीएसई की 12वीं की टर्म-2 के तहत आयोजित परीक्षा के दौरान हेलीमंडी स्थित एक निजी स्कूल में करीब 400 लोग हंगामा करने पहुंच गए। लोगों ने स्कूल के कर्मचारियों के साथ धक्कामुक्की भी की। आरोप है कि सभी कॉस्ट अकाउंटिंग व शॉर्ट हैंड की परीक्षा को रुकवाने पहुंचे थे। घटना बृहस्पतिवार सुबह की है। स्कूल प्रबंधक की शिकायत पर हेलीमंडी चौकी पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी है। आरोपियों की तलाश जारी है।
सीबीएसई द्वारा नियुक्त केंद्र अधीक्षक व प्रधानाध्यापक निशा कौशिक ने अपनी शिकायत में पुलिस को बताया है कि बृहस्पतिवार को स्कूल में सीबीएसई की 12वीं कक्षा की टर्म-2 के तहत परीक्षा आयोजित हो रही थी। स्कूल के सभी कर्मचारी परीक्षा को शांति व नकल रहित करवाने में व्यस्त थे। इस दौरान एक साथ करीब 400 लोग परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए। लोगों ने मुख्य द्वार पर मौजूद कर्मचारियों के साथ धक्कामुक्की की और अंदर घुस आए। गाली गलौज करने लगे। स्कूल के कर्मचारियों ने सभी को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन लोग बदतमीजी करने लगे। इससे डर का माहौल हो गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची हेलीमंडी व पटौदी थाना पुलिस ने लोगों को बड़ी मशक्कत के बाद शांत कराया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में स्कूल प्रबंधक की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
भीड़ को देखकर एक पुलिस कर्मी हो गया विवश
सूत्रों की मानें तो परीक्षा के दौरान जिस समय स्कूल में लोग घुसे थे, एक पुलिस कर्मी की वहां सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनाती की गई थी लेकिन भारी भीड़ को देखकर वह विवश हो गया, हालांकि उन्होंने भीड़ को रोकने की कोशिश की, लेकिन लोग धक्कामुक्की करते हुए अंदर घुस गए। हालांकि सूचना मिलते ही काफी संख्या में पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को बड़ी मशक्कत के बाद शांत कराया।
स्कूल प्रबंधक ने की सुरक्षा की मांग
स्कूल प्रबंधक का कहना है कि अभी सीबीएसई की टर्म-2 के तहत और परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। ऐसे में बृहस्पतिवार को हुई घटना से स्कूल में डर का माहौल है। कर्मचारी डरे हैं। उन्हें आशंका है कि स्कूल में फिर से कहीं हमला न हो जाए। ऐसे में स्कूल प्रबंधक ने कर्मचारियों के साथ छात्रों की सुरक्षा के लिए पुलिस से मांग की है। प्रबंधक की मांग है कि सोमवार से आयोजित परीक्षा के दौरान पुलिस की पीसीआर व पुलिस कर्मी परीक्षा केंद्र पर तैनात हो।