जीएमडीए सेक्टर-80 में सीवर शोधन संयंत्र परियोजना को सिरे चढ़ाने में जुटा
नंबर गेम- 95 करोड़ रुपये परियोजना पर खर्च होने का अनुमान
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। न्यू गुरुग्राम में सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सेक्टर-80 स्थित नौरंगपुर में 40 एमएलडी क्षमता का सीवर शोधन संयंत्र (एसटीपी) बनाया जाएगा। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर रहा है। संयंत्र बनने से सेक्टर-76 से 80 तक सीवर व्यवस्था में सुधार होगा।
जीएमडीए न्यू गुरुग्राम के सेक्टर-76 से 80 के लिए एसटीपी निर्माण की योजना पर काम कर रहा है। इस योजना को जीएमडीए बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है। एसटीपी निर्माण के लिए नगर निगम मानेसर ने 2.96 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई है। परियोजना पर करीब 95 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके निर्माण से न्यू गुरुग्राम की सीवरेज व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
जीएमडीए यमुना एक्शन प्लान के तहत घरेलू गंदे पानी को शत-प्रतिशत शोधित करने की योजना पर काम कर रहा है। फिलहाल शहर में सीवर के पानी को शोधित करने के लिए पर्याप्त एसटीपी नहीं हैं। ऐसे में नए संयंत्र लगाने के साथ पुराने संयंत्रों की क्षमता भी बढ़ाई जा रही है। योजना के तहत बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए न्यू सेक्टरों में नए एसटीपी स्थापित किए जा रहे हैं। वहीं पुराने शहर की सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए धनवापुर और बेहरामपुर स्थित एसटीपी की क्षमता बढ़ाने की तैयारी है। बेहरामपुर और धनवापुर में 100-100 एमएलडी क्षमता के नए संयंत्र लगाए जाएंगे। इसके अलावा सेक्टर-107 में भी नए एसटीपी निर्माण की योजना है।
नौरंगपुर में 40 एमएलडी क्षमता का संयंत्र बनाया जाना है। इसके लिए एजेंसी डीपीआर तैयार कर रही है और इसे जल्द सिरे चढ़ाया जाएगा। -हेमंत यादव, मुख्य अभियंता, जीएमडीए