गुरुग्राम। अनलॉक प्रक्रिया का दूसरा चरण शुरू होने के बाद अब रोडवेज विभाग यात्रियों की मांग की अनुसार बसों की संख्या बढ़ाने जा रहा है। 15 जुलाई से रोडवेज की ओर से करीब एक दर्जन रूटों पर 40 बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। हालांकि, इस समय सिर्फ 20 बसें ही लंबे व लोकल रूटों पर दौड़ रही है। विभाग अब राजस्व बढ़ाने के लिए लंबे रूटों पर जहां यात्रियों की संख्या ज्यादा है, उन रूटों पर ही ज्यादा बसें चलाएगा। इसको लेकर रोडवेज विभाग ने खाका तैयार कर लिया है।
दरअसल, लॉकडाउन के बाद से ही रोडवेज विभाग लगातार बसों को चलाने में लगा हुआ है, लेकिन यात्री नहीं मिलने के कारण विभाग को काफी दिनों से मायूसी ही हाथ लग रही थी। अनलॉक के दूसरे चरण में धीरे-धीरे रोडवेज में सफर करने वालों की संख्या बढ़ रही है। पहले जहां एक दिन में सिर्फ 500 यात्री मुश्किल से रोडवेज की बसों में विभिन्न रूटों पर सफर करते थे, अब इनकी संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। जिन रूटों पर पहले एक बस को भेजा जाता था अब उन रूटों पर विभाग तीन-तीन बसों को दौड़ाने की योजना बना रहा है।
इन रूटों पर बढ़ेगी बसों की संख्या
हिसार, सिरसा, पंचकूला, जयपुर, आगरा, मथुरा आदि रूटों पर एक-एक बसों का संचालन किया जा रहा है। 15 जुलाई के बाद इन पर तीन-तीन बसों को चलाने की योजना है। वहीं झज्जर, रेवाड़ी, सोहना, फर्रुखनगर, पटौदी, महम, रोहतक, भिवानी आदि रूटों पर दो-दो बसें चलाने की योजना है।
कोट
सभी रूटों पर अभी बसों को चलाने के कोई निर्देश नहीं आए हैं, अभी सिर्फ उन रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है जहां यात्रियों की संख्या ज्यादा है।
- अभिनव दुआ, ट्रैफिक मैनेजर, रोडवेज डिपो, गुरुग्राम।