पार्सल को कूरियर कंपनी के कार्यालय में जांच के दौरान पकड़ा गया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। उद्योग विहार थाना क्षेत्र में नारकोटिक्स विभाग ने कूरियर पार्सल के माध्यम से आस्ट्रेलिया भेजी जा रही 329 ग्राम अफीम बरामद की है। अफीम के पार्सल को गिलासनुमा क्रॉकरी में छुपाकर करनाल से आस्ट्रेलिया के मेलबोर्न में भेजा जाना था।
पार्सल को गुरुग्राम के उद्योग विहार स्थित कूरियर कंपनी के कार्यालय में जांच के दौरान पकड़ा गया। नारकोटिक्स विभाग ने थाने में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कराया है। उद्योग विहार फेज-2 दो स्थित डीएलएल कूरियर कंपनी के सुरक्षा जांच अधिकारी वीरेंद्र सिंह ने नारकोटिक्स विभाग को दी गई सूचना में बताया कि वह एक्सरे मशीन में कूरियर पार्सलों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक पैकेट में नशीला पदार्थ होने का शक हुआ। वीरेंद्र सिंह की सूचना पर नारकोटिक्स विभाग के एसआई सुरेंद्र कुमार की टीम मौके पर पहुंची। ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर एईटीओ हरीश कुमार पूनिया को मौके पर बुलाकर उनकी मौजूदगी में पार्सल खोला गया।
संदिग्ध पार्सल खोलकर जांचा गया तो उसमें दो कॉटन पेंट, दो कॉटन शर्ट, एक स्टील कढ़ाही, दो स्टील गिलास, दो स्टील चम्मच, पांच जोड़ी कॉटन की जुराब व तीन स्टील के गिलासनुमा क्रॉकरी मिली। इस पार्सल पर बालाजी एक्सपोर्ट क्वालिटी लिखा हुआ था। संदेह के चलते जब तीन स्टील गिलास खोलकर जांचा गया तो उसमें से अफीम बरामद हुई। नारकोटिक्स विभाग की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ताकि कूरियर पार्सल भेजने वाले को गिरफ्तार करके कार्रवाई की जा सके।
हरजिंदर सिंह ने करनाल से बुक कराया था पार्सल
जांच में पता चला कि करनाल के तरावड़ी से हरजिंदर सिंह ने यह पार्सल कूरियर बुक कराया था। मेलबोर्न, विक्टोरिया आस्ट्रेलिया की दिलप्रीत कौर को यह कूरियर पार्सल भेजा जा रहा था। बता दें कि इससे पहले भी कई बार कूरियर कंपनी के माध्यम से भेजी गई नशा की सामग्री पकड़ी जा चुकी है।
शिक्षक हुए साइबर फ्रॉड के शिकार
शिक्षक हुए साइबर फ्रॉड के शिकार