छात्रों को उनके पसंदीदा स्कूलों में मिलेगा दाखिला
- मांगी गई थी पांच स्कूलों की लिस्ट, मेरिट के आधार पर यहां होगा चयन
-शिक्षा विभाग निजी स्कूलों से आरक्षित सीटों के ब्यौरे की समीक्षा कर रहा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शिक्षा नियमावली 134ए के तहत निजी स्कूलों में होने वाले दाखिलों में शिक्षा विभाग पूरी पारदर्शिता बरत रहा है। इस बार छात्रों को उनकी मेरिट के आधार पर टॉप-5 स्कूलों में दाखिले के लिए प्राथमिकता मिलेगी।
134ए के तहत निजी स्कूलों में होने वाले दाखिलों में धांधली की शिकायतें आने के बाद शिक्षा विभाग ने जिले के सभी निजी स्कूलों से आरक्षित सीटों का ब्यौरा मांगा था। जिसमें स्कूलों को सख्त निर्देश देते हुए सीटों का वास्तविक ब्यौरा देने को कहा गया। सरकार की तरफ से आर्थिक तौर पर कमजोर वर्ग के छात्रों को कक्षा दूसरी से बारहवीं में निजी स्कूलों में दाखिला देने के लिए जिले स्तर पर परीक्षा का आयोजन कराया गया। इसमें मेरिट कटऑफ के आधार पर छात्रों का चयन किया गया। शिक्षा विभाग ने पारदर्शिता बरतने के लिए प्रत्येक छात्र से उनकी पसंदीदा पांच-पांच स्कूलों की सूची मांगी थी। अधिकारियों के मुताबिक कटऑफ में जिन छात्रों का चयन हुआ है उन्हें मेरिट आधार पर काउंसलिंग में बुलाकर दाखिले के लिए चयनित किया जाएगा। जिसमें क्रम के अनुसार स्कूल को प्राथमिकता दी जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक स्कूलों में दाखिले को लेकर कोई धांधली नहीं होने दी जाएगी। जिला शिक्षा अधिकारी (अतिरिक्त प्रभार) रविंद्र कुमार ने बताया कि छात्रों की काउंसलिंग शुरू हो गई है, जिसमें छात्रों को उनके द्वारा दी गई सूची के आधार पर स्कूल दिया जा रहा है।
--