नूंह। नूंह सदर थाना पुलिस ने गोतस्कर के घर से 30 किलो गोमांस बरामद किया है। सूचना पर पुलिस की टीम उसके घर पहुंची लेकिन तस्कर मौके से भाग गया। पुलिस ने उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तार के लिए दबिश दे रही है। पुलिस को सूचना मिली कि गांव टांई निवासी जफर उर्फ जफरुद्दीन गो तस्करी करता है। पुलिस ने सूचना के आधार पर टांई गांव में आरोपी के मकान में छापा मारा तो एक व्यक्ति उस मकान की छत से पुलिस को देखकर भागता दिखा। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन गांव में आबादी का फायदा उठाकर वह भाग गया। पुलिस ने घर की तलाशी ली तो एक बोरी के ऊपर 30 किलोग्राम ताजा मांस रखा पाया। नूंह सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलदीप ने कहा कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद
केएमपी एक्सप्रेसवे पर 11 गोवंश समेत एक गोतस्कर दबोचा
सीआईए नूंह पुलिस ने की कार्रवाई, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
तावडू। सीआईए नूंह की टीम ने अपराधों की रोकथाम और गश्त के दौरान केएमपी एक्सप्रेसवे पर धुलावट टोल कट के पास नाकाबंदी कर एक गोतस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 11 गोवंश बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ तावडू सदर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि अमरीक निवासी जाडोली, थाना शहर राजपुरा (पटियाला) अपनी गाड़ी में गायों को भरकर राजस्थान के चुहड़पुर ले जा रहा है। पुलिस टीम ने मौके पर नाकाबंदी की। करीब 15 मिनट बाद एक लाल रंग का कैंटर आता दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रोकने के संकेत के बावजूद चालक ने तेज रफ्तार में नाकाबंदी तोड़ने का प्रयास किया। गाड़ी अनियंत्रित होकर रुक गई और आरोपी भागने की कोशिश करते हुए पुलिस द्वारा पकड़ लिया गया। जांच करने पर कैंटर से 11 गोवंश बरामद हुए, जिन्हें रस्सियों से बेरहमी से बांधा गया था। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी के अन्य साथियों की तलाश भी जारी है। गोवंश तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।