संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला बिजली निगम में कार्यरत एक क्लर्क के साथ हुई ठगी का है, जहां साइबर अपराधियों ने फर्जी एप्लीकेशन भेजकर उनके खाते से 50 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जिले के बंसतगढ़ निवासी महेश कुमार ने बताया कि वह जिला लुहूं में बिजली निगम में क्लर्क के पद पर कार्यरत हैं। हाल ही में उनके फोन पर एक फर्जी एप्लीकेशन आई, जिसे इंस्टॉल करते ही उनके बैंक खाते से 50 हजार रुपये गायब हो गए। महेश कुमार का कहना है कि उन्होंने एप्लीकेशन को लेकर कोई छेड़छाड़ नहीं की थी, फिर भी बिना किसी ओटीपी या अनुमति के उनके खाते से पैसे कट गए।
घटना की जानकारी उन्हें तब हुई जब मोबाइल पर खाते से पैसे कटने का मैसेज आया। उन्होंने तुरंत खाते की जांच की, लेकिन तब तक 50 हजार रुपये निकाले जा चुके थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर अपना खाता ब्लॉक करवा दिया।
बाद में बैंक से संपर्क करने पर पता चला कि साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए उनके खाते से पैसे निकाले हैं। महेश कुमार ने इस घटना की शिकायत साइबर क्राइम एप और साइबर क्राइम थाना पुलिस दोनों को दी है। साइबर थाना पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है और जल्दी ही साइबर ठगों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।