एचएसवीपी से कब्जे से मुक्त कराए 29 भूखंड
प्राधिकरण की टीम ने सेक्टर-57 और 52 में की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने बृहस्पतिवार को सेक्टर-57 और 52 में अपने 29 भूखंडों से कब्जा हटवाया। इन प्लाॅटों की चहारदीवारी करवाई जाएगी और इनको नीलामी के लिए रखा जाएगा। लोगों को चेतावनी दी गई है कि फिर से कब्जा किया तो मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
दोनों सेक्टरों में एचएसवीपी की जमीन पर कुछ लोगों ने झुग्गी, टिन शेड डालकर कब्जा कर रखा था। प्राधिकरण ने पिछले दिनों कब्जा मुक्त कराने को लेकर मुनादी भी की थी। इसके बाद कुछ लोगों ने कब्जा हटा लिया जबकि कुछ लोगों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। बृहस्पतिवार को संपदा अधिकारी द्वितीय के निर्देश पर प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने 29 भूखंडों को कब्जा मुक्त कर लिया। सेक्टर-57 में ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में एसडीओ ज्ञानचंद्र मौजूद थे। जबकि सेक्टर-52 में ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर हरविंदर सिंह मौजूद थे। इस मौके पर जेई अमन, रामनिवास, राजेंद्र, योगेश, विनोद पटवारी आदि मौजूद रहे।