पुलिस को 6 जुलाई 2025 को अंसल सोहना रोड के पास एक शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची थाना शहर सोहना की पुलिस टीम ने देखा कि एक युवक का शव सड़क किनारे पड़ा है, जिसका गला कटा हुआ था और हाथ पीछे से बंधे थे। पास ही एक चाकू भी मिला। अंसल फार्म हाउस के सिक्योरिटी गार्ड की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फिंगरप्रिंट, एफएसएल और सीन-ऑफ-क्राइम टीमों की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
गहन जांच के बाद पुलिस ने चार आरोपियों महेश (35 वर्ष, नूंह, हरियाणा), रामसदन उर्फ विक्की (38 वर्ष, मऊ, उत्तर प्रदेश), लीला देवी (38 वर्ष, मऊ, उत्तर प्रदेश) और अलीम खान (शहडोल, तिजारा, राजस्थान) को गिरफ्तार किया। महेश को 13 अगस्त और बाकी तीनों को 14 अगस्त को भिवाड़ी, राजस्थान से पकड़ा गया।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी रामसदन और लीला देवी पति-पत्नी हैं। उनके घर पर किराए पर रहने वाला सोनू नामक व्यक्ति और मृतक समीर के बीच पुरानी रंजिश थी। समीर ने सोनू की बहन को भगा कर शादी की थी, जिसके चलते सोनू ने रामसदन, लीला देवी और अलीम के साथ मिलकर समीर का अपहरण किया और उसे बंधक बनाकर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपियों को 14 अगस्त को कोर्ट में पेश कर चार दिन की रिमांड पर लिया है। हत्या के अन्य कारणों और संभावित साथियों के बारे में गहन पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।