-यात्रियों की सुविधा के लिए रूट करने पड़े परिवर्तित, बसों की कमी से रही भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में हुई भारी बारिश से हुए जलभराव में एक ही दिन में गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) की 25 सिटी बसें खराब हो गईं। बारिश के दौरान अन्य दिनों में 10 से 15 सिटी बसें ही खराब हो रही थीं। एक साथ ही 25 सिटी बसें खराब होने से यात्रियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
सिटी बसें लो फ्लोर की होने के कारण उनके वायरिंग व प्लग में पानी भर जाता है। पानी की वजह से वायरिंग में नमी भी बन जाती है। इसी वजह से सिटी बसों में खराबी आ रही है। जीएमसीबीएल के पास कुल 150 बसें हैं। अचानक 25 बसों में खराबी आने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई। बसों में खराबी आने से वह अपने निर्धारित समय पर बस स्टॉप पर नहीं पहुंच पा रहीं। यात्रियों की सुविधा के लिए कई रूटों को अस्थायी रूप से डायवर्ट भी किए गए हैं, लेकिन इससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। लोगों को बसों की कमी के कारण ऑटो और ई-रिक्शा में ज्यादा किराया खर्च करना पड़ रहा है।
बारिश के मौसम शहर की सड़कों में जलभराव होने के कारण सिटी बसों में तकनीकी समस्या आ जाती है। वहीं, बसों में टूट-फूट की समस्या भी बढ़ जाती है। बसों को ठीक करने का खर्चा आम दिनों के हिसाब से ढाई गुना तक बढ़ गया है। - ताहिर सिंह, मेंटेनेंस हेड, जीएमसीबीएल सेक्टर-10 डिपो