संशोधित नए मोटर वाहन अधिनियम के लागू होने के तीन माह बाद गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को स्कूटी सवार से कागजात मांगे गए तो वह एक भी कागजात नहीं दिखा पाया। ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कूटी का 24 हजार का चालान काट दिया।
ट्रैफिक पुलिस ने चालान काटने के बाद स्कूटी को जब्त कर लिया। तिगरा गांव निवासी राहुल अपने दोस्त के साथ सुबह करीब 11.15 बजे स्कूटी से घाटा गांव की ओर से आ रहे थे। खुशहाल चौक पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया।
क्षेत्रीय ट्रैफिक पुलिस अधिकारी (जेडओ) दिनेश कुमार ने चालक से स्कूटी के कागजात दिखाने को कहा। लेकिन वह स्कूटी के एक भी कागज नहीं दिखा पाए।
ट्रैफिक पुलिस ने स्कूटी सवार के बिना हेलमेट के 1000 रुपये, बिना ड्राइविंग लाइसेंस 5 हजार, बिना रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी) के 5 हजार, बिना इंश्योरेंस के 2 हजार, बिना पॉल्यूशन सर्टिफिकेट के 10 हजार समेत अन्य चालान राशि मिलाकर 24 हजार का चालान थमाते हुए स्कूटी जब्त कर ली। स्कूटी मालिक पंकज तंवर ने बताया कि उसका बड़ा भाई स्कूटी लेकर गया था, उसे अभी जानकारी मिली है कि चालान कटा है।