रविवार सुबह 6 बजे से किसानों को 24 घंटे गेट पास दिए जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। हरियाणा सरकार ने अनाज मंडियों में गेहूं और सरसों की खरीद 24 घंटे खुली रखने का फैसला किया है। इससे किसानों को अपनी फसल बेचने में आसानी होगी और परेशानियों से राहत मिलेगी।मार्केट कमेटी के सचिव विपिन यादव ने बताया कि नई अनाजमंडी जाटौली में रविवार सुबह 6 बजे से किसानों को 24 घंटे गेट पास दिए जाएंगे, ताकि वे अपनी गेहूं और सरसों की फसल बेच सकें। पहले केवल हरियाणा स्टेट वेयरहाउस (एचएसडब्ल्यूसी) गेहूं खरीदती थी लेकिन अब हैफेड एजेंसी भी गेहूं खरीदेगी। किसानों की सुविधा के लिए स्टॉफ पर्याप्त मात्रा में मौजूद रहेगा। हरियाणा स्टेट वेयरहाउस सोमवार, मंगलवार और बुधवार गेहूं खरीदेगी, जबकि हैफेड एजेंसी बृहस्पतिवार, शुक्रवार और शनिवार को खरीद करेगी। इस निर्णय से आढ़तियों और किसानों में खुशी है।
अब नहीं झेलनी पड़ेगी परेशानी
अब किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी, इससे किसानों को अपनी फसल बेचने में आसानी होगी और परेशानियों से राहत मिलेगी। -पहलवान दलीप छिल्लर
पहले किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था लेकिन अब वे अपनी फसल आसानी से बेच सकेंगे और आढ़ती भी फसल जल्दी खरीद सकेंगे। -आनंद भूषण
सरकार के इस फैसले से सभी आढ़ती और किसानों में खुशी है और व्यापार मंडल सरकार का धन्यवाद करता है। -अजय मंगला,अध्यक्ष, व्यापार मंडल