24 मई को जिले में होगी यूपीएससी सिविल सर्विस प्रीलिमिनरी परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित सिविल सर्विस प्रीलिमिनरी परीक्षा 24 मई को जिले में दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी संचालन को लेकर लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता एडीसी सोनू भट्ट ने की।
एडीसी ने बताया कि जिले में कुल 52 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं और इसमें 20 हजार 76 अभ्यर्थी शामिल होंगे। पहली शिफ्ट सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी शिफ्ट दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, वॉल क्लॉक, इंटरनेट कनेक्टिविटी सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एडीसी ने बताया कि इस बार परीक्षा में फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया लागू की जा रही है, जिसके लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्थिर वाई-फाई कनेक्शन अनिवार्य रहेगा। गर्मी को देखते हुए उन्होंने सभी केंद्रों पर विशेष प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक केंद्र पर स्वच्छ पेयजल, डिस्पोजेबल ग्लास, छायादार प्रतीक्षा स्थल तथा मेडिकल सहायता की व्यवस्था उपलब्ध होनी चाहिए। किसी भी अभ्यर्थी की तबीयत खराब होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को आवश्यकतानुसार एंबुलेंस और मेडिकल टीम तैनात रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। बैठक में डीईओ इंदु बोकन, सेंटर सुपरवाइजर, ड्यूटी मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर (एलआईओ), ट्रांजिट ऑफिसर, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।