दिवाली पर बिजली चोरों की धरपकड़ के लिए बनाई टीमें
गुरुग्राम। दिवाली पर बिजली चोरी करना महंगा पड़ सकता है। बिजली चोरी रोकने के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) की ओर से अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। ये दिन-रात अपने-अपने क्षेत्र में छापामारी कर बिजली चोरों पर शिकंजा कसेंगी। अधिकारियों की मानें तो अगर कोई भी बिजली चोरी करता पकड़ा जाता है तो भारी जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही पुलिस में भी केस दर्ज करवाया जाएगा। विभाग का यह छापामारी अभियान दिवाली वाले दिन भी जारी रहेगा।
दिवाली पर हर कोई अपने घर व कार्यालय को फैंसी लाइटों से सजा रोशन करता है। ऐसे में दिवाली के आसपास बिजली की खपत अधिक रहती है। लोड बढ़ने के कारण बिजली का बिल भी बढ़ जाता है। भारी भरकम बिल से बचने के लिए उपभोक्ता तारों पर कटिया लगा बिजली चुराते हैं जिससे विभाग को नुकसान उठाना पड़ता है। इसी नुकसान से बचने के लिए डीएचबीवीएन ने कमर कसी है।
डीएचबीवीएन सर्कल-2 के अधीक्षण अभियंता केसी अग्रवाल ने बताया, टीमों की अलग-अलग शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। टीमें रात में भी छापामारी कर बिजली चोरों पर लगाम लगाएंगी। सभी सब-डिवीजन के एसडीओ को अपने-अपने क्षेत्र में खास निगरानी रखने के निर्देश हैं।