गुरुग्राम के भोंडसी थाना क्षेत्र में एक फार्म हाउस पर अवैध रूप से पार्टी करने, शराब परोसने और जुआ खेलने पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दबिश दी। पुलिस ने फार्म हाउस से दो बाउंसरों और 16 नाइजीरियन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 3.20 लाख रुपये नकदी और करीब पांच लाख रुपये कीमत की 24 पेटी शराब व 16 पेटी बियर बरामद की है।
सोमवार को भोंडसी थाने की पुलिस को सूचना मिली कि बहलपा गांव स्थित एलिगेंट फार्म हाउस पर विदेशी नागरिकों को एकत्रित करके अवैध रूप से पार्टी में शराब परोसी जा रही है और जुआ भी खेला जा रहा है। पुलिस ने फार्म हाउस पर दबिश देकर दो बाउंसरों सरहोल, सेक्टर-17/18 गांव निवासी ब्रह्मप्रकाश व संतोष को गिरफ्तार किया है। इनके अलावा 16 नाइजीरियन गिरफ्तार किए हैं।
इनमें चिनोन्सो स्टेनली ओकोरी, गोडाई एंटोमी, ओबीआई चिएमेलु निकोलस, एम्मान्यूल, क्लार्क, प्रिंस, इनोसेट, एम्मान्यूल, बेनार्ड, शमूएल, चिकेलुओ, ओकाफोर, बलेसिंग, जोसफिन के रूप में हुई है। ये सभी दिल्ली के महरौली व आसपास के क्षेत्रों में किराये पर रहते हैं। पुलिस ने विदेशी नागरिकों से संबंधित कागजात दिखाने के लिए कहा जो अपने वीजा पासपोर्ट नहीं दिखा पाए।
पुलिस ने सभी 18 लोगों के खिलाफ खिलाफ अवैध रूप से पार्टी करने, जुआ खेलने/खिलाने, अवैध रूप से शराब पीने व परोसने पर संबंधित अधिनियम (विदेशी अधिनियम, आबकारी अधिनियम, जुआ अधिनियम व बीएनएस) की धाराओं के तहत भोंडसी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार सभी 16 विदेशियों को उनके देश में डिपोर्ट किया जाएगा।
नववर्ष के मौके पर सभी फार्म हाउसों पर होने वाली पार्टियों पर पुलिस की नजर रहेगी। फार्म हाउस पर बिना अनुमति और अवैध रूप से गतिविधियां आयोजित कराने वाले संचालकों व आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हे जेल भेजा जाएगा। फार्म हाउस से अवैध रूप से पार्टी करने व पकड़े गए विदेशियों के मामले में भी आगामी कार्रवाई की जा रही है। -डॉ. हितेश यादव, पुलिस उपायुक्त (दक्षिण), गुरुग्राम।