हीरो होंडा चौक 15 दिनों में शुरू होने की उम्मीद
गुरुग्राम। गुरुग्राम में दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर-48 पर बने तीन मुख्य चौराहों पर चल रहे सुधारीकरण कार्य की प्रगति का सोमवार को मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से जायजा लिया।
अधिकारियों ने खुल्लर को बताया कि इफ्को चौक के पास से गुजरने वाली 220 केवीए क्षमता की बिजली लाइन को अब अंडरग्राउंड किया जाएगा। वही हीरो होंडा चौक पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर का कार्य अंतिम चरण में है। इसके अगले 15 दिन में पूरा होने का अनुमान है।
बिजली निगम के अधिकारियों ने बताया कि इफ्को चौक पर चल रहे अंडरपास निर्माण तथा अन्य सुधारीकरण कार्यों के चलते इस उच्च क्षमता की बिजली लाइन को शिफ्ट करने के लिए कोरिडोर छोड़ने की बात कही गई थी लेकिन अब भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों का कहना है कि कोरिडोर का प्रयोग अन्य सेवाओं के लिए कर लिया गया है इसलिए बिजली लाइन अंडर ग्राउंड करनी पड़ेगी।
इसी प्रकार, इफ्को चौक के निकट बने सुखराली गांव के श्मशान घाट को नगर निगम द्वारा अतुल कटारिया चौक के निकट शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए जगह की पहचान की जा चुकी है। श्मशान घाट शिफ्ट करने के लिए 31 जुलाई तक की समयसीमा निर्धारित की है। वीडियो कॉफ्रेंसिंग में प्रधान सचिव को बताया गया कि इन तीनों चौराहों के सुधारीकरण का लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है।
इन पर 1 दिसंबर 2016 को निर्माण कार्य शुरू किया गया था और उस दिन से ढाई वर्षों में यह कार्य पूरा किया जाना था। गुरुग्राम के कार्यवाहक उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने बताया कि अब सरकार द्वारा इस कार्य को पूरा करने की समय अवधि घटाकर 15 महीने कर दी गई है। इस लिहाज से इन तीनों मुख्य चौराहों के सुधारीकरण का कार्य अगले वर्ष मार्च तक पूरा होगा।
विनय प्रताप सिंह ने यह भी बताया कि इस प्रोजेक्ट का कुछ भाग पहले भी तैयार हो जाएगा। उन्होंने बताया कि एमजी रोड के महाराणा प्रताप चौक पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर तथा मेदांता-द मेडिसिटी की तरफ से दिल्ली की ओर जाने के लिए बनाए जा रहे अंडर पास का कार्य भी 30 अगस्त तक पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि हीरो होंडा चौक पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर का कार्य अंतिम चरण में है।
इसके अगले 15 दिन में पूरा होने का अनुमान है। तब तक बारिश की वजह से हीरो होंडा चौक पर यातायात सुचारू रहे, इसके लिए फ्लाई ओवर के बन चुके एक हिस्से पर ही दोनों तरफ के वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है।
कॉफ्रेंसिंग में नगराधीश रोहित यादव, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के मुख्य अभियंता संजीव चोपड़ा, अधीक्षण अभियंता वीके अग्रवाल, हुडा के अधीक्षण अभियंता नरेश पंवार, जिला राजस्व अधिकारी हरिओम अत्री, हुडा के संपदा अधिकारी संजीव सिंगला सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।