- कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल के सामने एजेंडे के 24 मामले आए
- कहा- लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के अधिकारों की सुरक्षा सरकार का दायित्व
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जय प्रकाश दलाल ने शुक्रवार को शहर स्थित जिला परिषद हॉल में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने बैठक के एजेंडे में शामिल 24 शिकायतों में से 17 का मौके पर समाधान किया। अन्य सात मामलों में कार्रवाई के निर्देश देते हुए अगली बैठक तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने की बात कही।
परिवादों में सोहना नगर परिषद से आए शिकायतकर्ता ने कहा कि कई वर्षों से वह नगर परिषद की दुकान के किराये का भुगतान कर रहा है। सरकार की नई पॉलिसी के तहत उस दुकान के मालिकाना हक के लिए आवेदन किया है पर तत्कालीन कार्यकारी अभियंता ने उसकी पात्रता की नकारात्मक रिपोर्ट तैयार कर दुकान को नजूल भूमि पर दर्शाया दिया है। आरोप लगाया कि पात्रता के आवेदन को स्वीकार करने के लिए उससे पांच लाख रुपये की मांग की। कृषि मंत्री ने त्वरित संज्ञान लेते हुए उक्त अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार की शिकायतों पर सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति से आगे बढ़ रही है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री के समक्ष एक अन्य शिकायत में माहिरा होम्स-104 बायर्स एसोसिएशन के सदस्यों ने कहा कि प्रोजेक्ट में संबंधित बिल्डर ने करीब 1500 नागरिकों को फ्लैट आवंटित किए थे। जिसमे सभी आवंटियों ने अभी तक करीब 40 प्रतिशत पैसा बिल्डर के पास जमा करा दिया है। पिछले दो साल से प्रोजेक्ट के कंस्ट्रक्शन में कोई प्रगति नहीं हुई है। इस मामले में कृषि मंत्री ने कहा कि पूरे मामले की जांच स्टेट विजिलेंस से करवाई जाएगी। अपनी शिकायत का उचित ड्राफ्ट तैयार कर जिला उपायुक्त के पास जमा कराएं। ताकि आगामी कार्रवाई के लिए उसे चीफ सेक्रेटरी को भेजा जा सके।
कृषि मंत्री के समक्ष झाड़सा में कैमरे लगाने में हो रही देरी का विषय भी आया। इस पर मंत्री ने सख्ती बरतते हुए संबंधित अधिकारी को एक महीने का समय दिया। उन्होंने कहा कि अगली बैठक तक इस पर प्रगति नहीं हुई तो अधिकारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
एक मामले में जिला कष्ट निवारण समिति के गैर सरकारी सदस्यों ने मंत्री को बताया कि गुरुग्राम के लेजर वैली पार्क के नजदीक वाइन शॉप खुलने से पार्क का माहौल खराब हो रहा था। कृषि मंत्री से मिले निर्देशों व जिला प्रशासन की सहायता से उक्त शॉप को वहां से हटा दिया गया है। इस पर समिति के सदस्यों ने कृषि मंत्री व डीसी को शॉल भेंट कर धन्यवाद दिया। यहां जिला उपायुक्त निशांत कुमार यादव, नगर निगम मानेसर के आयुक्त अशोक गर्ग, डीसीपी मुख्यालय दीपक गहलावत सीटीएम दर्शन कुमार यादव आदि मौजूद रहे।
मूर्ति दलाल