वॉलीबाल, फुटबॉल, बॉक्सिंग, कुश्ती व भारोत्तोलन समेत विभिन्न खेलों के लिए भेजी गई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा प्रावधान खेल उपकरण योजना के तहत खेल विभाग ने नए खेल उपकरणों की खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिले की ग्राम पंचायतों और स्थानीय निकायों से विभिन्न खेलों के लिए कुल 17 आवेदन प्राप्त हुए हैं। विभाग ने सभी आवेदनों की प्रक्रिया पूरी कर मांग मुख्यालय को भेज दी है। जल्द ही नए उपकरण संबंधित खेल केंद्रों और प्रशिक्षकों को उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
जिला खेल विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2024-25 में इस योजना के तहत जिले से कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ था, लेकिन 2025-26 में खेल गतिविधियों के बढ़ने के साथ पंचायतों और निकायों ने विभिन्न खेलों के लिए उपकरणों की मांग भेजी है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विस्तार को बढ़ावा मिलेगा। विभाग की ओर से भेजी गई मांग में वॉलीबाल के लिए 36 गेंदें और छह नेट, फुटबॉल के लिए 12 गेंदें और दो जोड़ी नेट, बास्केटबॉल के लिए छह गेंदें तथा हैंडबॉल के लिए 18 गेंदें और तीन जोड़ी नेट शामिल हैं। इसके अलावा बॉक्सिंग खिलाड़ियों के लिए छह पंचिंग बैग और 12 जोड़ी ग्लव्स, कुश्ती खिलाड़ियों के लिए 6×6 आकार के दो रेसलिंग मैट सेट तथा क्रिकेट के लिए 12 क्रिकेट किट बैग की मांग की गई है।
इसी प्रकार भारोत्तोलन खिलाड़ियों के लिए पांच बारबेल सेट और विभिन्न वजन की प्लेटों के पांच सेट मांगे गए हैं। योग गतिविधियों के लिए भी विशेष आकार के दो योगा मैट सेट की मांग भेजी गई है। हालांकि इस बार जूडो खेल के लिए कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। खेल विभाग का मानना है कि नए उपकरण उपलब्ध होने से खिलाड़ियों को आधुनिक संसाधनों के साथ अभ्यास करने का अवसर मिलेगा और जिले के खिलाड़ी राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।
सभी मांगों को संकलित कर मुख्यालय भेज दिया गया है और उपकरण खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही संबंधित खेल केंद्रों और प्रशिक्षकों को नए उपकरण उपलब्ध करा दिए जाएंगे, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकेंगी।- आरती कोहली, कार्यकारी जिला खेल अधिकारी