गुरुग्राम। शहरी क्षेत्रों के साथ ही अब जिला प्रशासन ग्रामीण इलाकों पर भी कोरोना मरीजों को उचित सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुट गया है। इसी के तहत अब ग्रामीण इलाकों में आइसोलेशन सेंटर बनाए जाएंगे, जिसके लिए प्रशासन ने 164 भवनों को चिन्हित कर लिया है। इसके लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार कर ली है।
ये सभी आइसोलेशन सेंटर अलग-अलग 164 ग्राम पंचायतों में बनाए जाएंगे। इनमें स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से काम कर रहा है। जिला उपायुक्त ने बताया कि सीएम मनोहरलाल के निर्देशानुसार जिले के प्रत्येक गांव को सैनिटाइज करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अगले 10 दिन में गांवों में घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग व स्वास्थ्य जांच की जाएगी, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग व जिला विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा संयुक्त रूप से टीमें तैयार की जा रही हैं। इन टीमों में आंगनबाड़ी वर्कर्स को भी शामिल किया गया है। ये ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना के लक्षण वाले मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें जागरूक करेंगी।