सुल्तानपुर क्रिकेट मैदान पर 250 से अधिक खिलाड़ियों ने दिया ट्रायल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के सुल्तानपुर क्रिकेट मैदान पर आयोजित अंडर-16 क्रिकेट ट्रायल में युवा खिलाड़ियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सोमवार सुबह 7 बजे से शुरू हुए ट्रायल में 250 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसमें से 15 प्रतिभाशाली क्रिकेटर का चयन हुआ। दो दिन तक चले चयन शिविर का समापन पांच मई को हुआ, जहां अंतिम दिन परिणाम घोषित किए गए।
हरियाणा क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित ट्रायल में बल्लेबाजों, गेंदबाजों और ऑलराउंडरों ने शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं के सामने कड़ी चुनौती पेश की। खिलाड़ियों के बेहतरीन खेल के चलते चयन प्रक्रिया काफी कठिन रही। ट्रायल के अंत में पूरे जिले से 15 खिलाड़ियों का चयन किया गया, जो आगामी राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। पहले दिन खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन किया गया, वहीं दूसरे दिन बचे हुए खिलाड़ियों का ट्रायल लिया गया और अंतिम सूची जारी की गई। संघ के अधिकारियों ने बताया कि चयनित खिलाड़ियों के लिए 15 मई के बाद रोहतक में अभ्यास कैंप लगाए जाएंगे और यह कैंप हर आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए होंगे। जहां उन्हें अगले महीने होने वाली प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जाएगा।