दिल्ली से हरियाणा आने-जाने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। धौला कुआं से रेवाड़ी के बीच डीटीसी की 15 नई इलेक्ट्रिक एसी बसें शुरू की गई हैं। इन बसों से दिल्ली, गुरुग्राम, मानेसर, धारूहेड़ा और रेवाड़ी के बीच सफर करने वाले लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। डीटीसी की ओर से इन बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। इनमें सात बसें सुबह और आठ बसें शाम के समय चल रही हैं। इससे रोजाना काम के लिए दिल्ली से हरियाणा जाने वाले लोगों को आने-जाने में आसानी होगी। बसों का रूट भी तय कर दिया गया है। ये बसें दिल्ली के धौला कुआं से चलकर रजोकरी बॉर्डर, गुरुग्राम राजीव चौक, खेड़की दौला, रामपुरा चौक, आईएमटी मानेसर, पचगांव, बिलासपुर, सिधरावली, धारूहेड़ा होते हुए रेवाड़ी तक जाएंगी। धौला कुआं से रेवाड़ी तक बस का किराया 153 रुपये रखा गया है। इससे यात्रियों को एक ही बस में लंबा सफर करने की सुविधा मिलेगी।
धारूहेड़ा के लिए पहले से डीटीसी की छह एसी बसें चल रही हैं। अब धौला कुआं से रेवाड़ी तक 15 नई इलेक्ट्रिक एसी बसें अलग से शुरू की गई हैं। इससे यात्रियों को पहले के मुकाबले ज्यादा बसें मिल सकेंगी। आईएमटी मानेसर और बिलासपुर में बड़ी संख्या में औद्योगिक कंपनियां हैं। यहां दिल्ली और आसपास के इलाकों से रोजाना काफी लोग नौकरी के लिए आते-जाते हैं। पहले दिल्ली से मानेसर और आगे के इलाकों के लिए सीधी बस सेवा नहीं होने के कारण लोगों को कई वाहन बदलने पड़ते थे।
आईएमटी मानेसर में काम करने वाले यात्री राहुल ने बताया कि पहले दिल्ली से मानेसर पहुंचने में कई वाहन बदलने पड़ते थे। अब डीटीसी बस से सफर आसान हो गया है और समय भी बच रहा है। यात्री नितिन ने बताया कि दिल्ली से धारूहेड़ा तक सीधी बस मिलने से सफर काफी आसान हो गया है।
-
धौला कुआं से रेवाड़ी के बीच डीटीसी की 15 नई इलेक्ट्रिक एसी बसें शुरू की गई हैं। इससे रोजाना काम के लिए दिल्ली से हरियाणा जाने वाले लोगों को आने-जाने में आसानी होगी। -कैलाश चंद्र बुनकर, असिस्टेंट ट्रैफिक इंस्पेक्टर (एटीआई), बस डिपो, दिल्ली