गुरुग्राम में हवा में अभी नहीं हुआ सुधार
इलाके में सामान्य से छह गुणा से अधिक प्रदूषण का स्तर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम में हवा अभी साफ नहीं हुई है। इलाके में हवा पूरी तरह दूषित है। इलाके में रविवार को प्रदूषण का स्तर सामान्य से छह गुणा से अधिक रहा। वहीं इलाके में रविवार को अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई, लेकिन सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। इस कारण वाहन चलाने में भारी दिक्कत हुई।
गुरुग्राम पिछले कई दिनों से प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा था, लेकिन रविवार को प्रदूषण के स्तर में कुछ कमी आई। हालांकि अभी इलाके में हवा दूषित है और लोगों को सास लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार रविवार को गुरुग्राम में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में पीएम 2.5 का स्तर 324 प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया। गुरुग्राम में दिल्ली एवं एनसीआर के अन्य इलाकों की तुलना में प्रदूषण का स्तर कम रहा है। उनमें वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में पीएम 2.5 का स्तर 400 प्रति क्यूबिक मीटर से अधिक रहा। दूसरी ओर गुरुग्राम में रविवार को अधिकतम एवं तापमान में बढ़ोतरी हुई। इस कारण ठंड से लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। सुबह 10 बजे तक वाहन चालकों को भारी दिक्कत हुई। उन्हें कुछ ही दूर तक दिखाई दे रहा था। इस तरह वाहनों की रफ्तार कम होने से सड़कों पर यातायात जाम की स्थिति बनी रही। वाहन रेंगते हुए चले।