गुरुग्राम जिले में मंगलवार रात से लेकर बुधवार सुबह तक बारिश होने के कारण प्रदूषण से कुछ राहत मिली है। गुरुग्राम में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में पीएम 2.5 का स्तर 254 प्रति क्यूबिक मीटर दर्ज किया गया। मंगलवार को एक्यूआई में पीएम 2.5 का स्तर 300 प्रति क्यूबिक मीटर से ऊपर था। बारिश हालांकि अपने साथ हमेशा की तरह जलभराव की समस्या लेकर आई।
गुरुग्राम में दिवाली के बाद प्रदूषण स्तर काफी बढ़ गया था। उसके बाद तीन दिन तक प्रदूषण स्तर में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि मंगलवार को एक बार फिर प्रदूषण स्तर बढ़ा। गनीमत रही कि मंगलवार रात एवं बुधवार सुबह की बारिश ने इसे कम कर दिया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली एवं एनसीआर के सभी इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में पीएम 2.5 का स्तर 300 प्रति क्यूबिक मीटर से काफी अधिक रहा। बोर्ड के अनुसार, गुरुग्राम में अधिक बारिश होने और तेज हवा चलने से इसमें गिरावट आई है।
लोगों को बारिश के कारण जलभराव की समस्या का भी सामना करना पड़ा। खासतौर पर पुराना गुरुग्राम की अधिकतर सड़कों के किनारे बरसाती पानी भर गया। इसके अलावा बस अड्डे के बाहर निकलने वाले गेट पर भी पानी जमा हो गया। इस कारण पैदल चलने वालों को दिक्कत हुई।