गुरुग्राम। जिला स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को 14 नए मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की। साथ ही 31 मरीज स्वस्थ हुए। नए मरीजों के आंकड़ों के साथ जिले में अब कुल 358 सक्रिय मामले बचे हैं। जिनमें से 322 कोरोना मरीज होम आइसोलेशन में उपचाराधीन हैं। इन मरीजों से स्वास्थ्य विभाग लगातार संपर्क में हैं। साथ ही 32 मरीज निजी व सरकारी अस्पताल में अपना इलाज करा रहे हैं। वहीं 4 मरीज कोविड केयर सेंटर में भर्ती हैं।
जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा कई केंद्रों पर कोरोना जांच की जा रही है। बृहस्पतिवार को 3553 कोरोना जांच की गई। इन नमूनों से 2736 का परिणाम आना बाकी है। 3339 जांच आरटी पीसीआर के माध्यम से हुई। वहीं 214 जांच रेपिड एंटीजन किट के माध्यम से हुई। जिले में अब तक 58294 कोरोना मरीज सामने आ चुके हैं। जिनमें से 57582मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।जिले में अब तक 354 कोरोना मरीजों की मौत हो चुकी है। राहत की बात है कि बृहस्पतिवार को एक भी मौत का मामला सामने नहीं आया।