अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। एसीपी साइबर क्राइम प्रियांशु दीवान की अगुवाई में साइबर क्राइम थानों की पुलिस टीमों ने देश भर में 36.34 करोड़ की साइबर ठगी करने वाले 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी फेडेक्स फ्रॉड में अधिकारी बनकर लोगों को डराकर, दबाव बनाते व जानकार बनकर पैसे ट्रांसफर करवाने आदि धोखाधड़ी करके ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 22 लाख 32 हजार रुपये, 12 मोबाइल फोन व 6 सिम कार्ड बरामद किए।
पुलिस के अनुसार साइबर क्राइम पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों में रिजवान अहमद, जमाल अख्तर व शिवम कश्यप को साइबर क्राइम ईस्ट में तैनात जांच अधिकारी एसआई ओमकार ने साइबर क्राइम ईस्ट थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया। वहीं साइबर क्राइम मानेसर पुलिस के पीएसआई चेतन ने महाराष्ट्र के पुणे निवासी आरोपी अमोल भीमराव जगताप को मानेसर एरिया से गिरफ्तार किया। साइबर क्राइम मानेसर पुलिस में तैनात जांच अधिकारी मनीष की टीम ने आशुतोष , मोहित, महावीर जाट, जयंत सैनी, लोकेश सैनी, मनीष चौहान, रविंद्र , संजय चौहान व सुरेंद्र को मानेसर एरिया से गिरफ्तार किया। जबकि साइबर क्राइम वेस्ट पुलिस में तैनात जांच अधिकारी पीएसआई जगदीप की टीम ने राजस्थान के गंगानगर निवासी पंकज बंसल गिरफ्तार किया था। जांच में इनके खिलाफ देशभर में लगभग 36 करोड़ 34 लाख रुपयों की ठगी करने के संबंध में कुल 10010 शिकायतें और 474 केस दर्ज हैं। इन केसों में से 17 केस गुरुग्राम सहित हरियाणा में दर्ज हैं।