दिल्ली के करोल बाग के होटल में हुई आगजनी के बाद जागा नगर निगम
होटलों, स्कूलों, बड़ी कंपनियों में फायर सेफ्टी के लिए कराया जाएगा सर्वे
फायर टीम को मुहैया करवाए जाएंगे नए उपकरण
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हाल ही में दिल्ली स्थित करोल बाग के एक होटल में हुई आगजनी के बाद नगर निगम की नींद खुल गई है। ऐसी दुर्घटना गुुरुग्राम में होने से रोकने के लिए नगर निगम होटलों, स्कूलों, बड़ी कंपनियों के कार्यालयों आदि में फायर सेफ्टी के लिए सर्वे कराएगी। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं।
नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त वाईएस गुप्ता ने शनिवार को फायर विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने नगर निगम क्षेत्र में उन सभी बिल्डिंगों में फायर सेफ्टी के लिए सर्वे करने के निर्देश दिए, जिनमें लोगों का आवागमन होता है। कहा कि दिल्ली के करोल बाग में हुई आगजनी की घटना गुरुग्राम में न हो, इसके लिए सभी अधिकारी पूरे क्षेत्र का फायर सेफ्टी सर्वे करा लें। बचाव के उपायों के लिए पूरी तैयारियां पहले से ही रखें। उन्होंने कहा कि फायर टीमों को आधुनिक एवं नवीनतम उपकरण मुहैया करवाए जाएंगे और फायर कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच करवाने के साथ ही उन्हें तनाव से मुक्ति दिलवाने के लिए काउंसलिंग होगी, क्योंकि क्षेत्र में आगजनी की घटनाओं पर रोकथाम और बचाव उपायों के लिए फायर विभाग को 24 घंटे चौकन्ना रहना पड़ता है। ऐसे में फायर कर्मियों का स्वास्थ्य ठीक रहना चाहिए। इसके लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ब्रह्मदीप संधु को निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम के फायर विंग के सभी अधिकारी मौजूद रहे।