- गलत पार्किंग के 3,033 और गलत दिशा में चलने के 810 चालान
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ गुरुग्राम यातायात पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने मंगलवार, 20 अक्तूबर को 24 घंटे में 12,788 चालान किए। इस दौरान बिना नंबर प्लेट के चल रहे 156 वाहनों को जब्त किया गया। एक दिन में गलत पार्किंग के 3,033, गलत दिशा में वाहन चलाने के 810 और लेन बदलने के नियमों के उल्लंघन पर 697 चालान काटे गए। पुलिस के अनुसार, इन नियमों की अनदेखी से हादसों का खतरा बढ़ता है और यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है।
निगरानी और जागरूकता अभियान-
यातायात पुलिस प्रवक्ता विकास वर्मा ने बताया कि नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए तकनीक आधारित निगरानी की जा रही है। सड़क पर तैनात पुलिसकर्मी भी उल्लंघनों पर नजर रख रहे हैं। पुलिस ऑटो, टैक्सी, ई-रिक्शा और भारी वाहन चालकों को जागरूक कर रही है। उन्हें निर्धारित लेन में चलने, सही जगह वाहन पार्क करने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी जा रही है। पुलिस का उद्देश्य कार्रवाई और जागरूकता के माध्यम से सड़क सुरक्षा बढ़ाना और शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखना है।