खाद्य सुरक्षा विभाग और सीएम फ्लाइंग ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग और सीएम फ्लाइंग ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने गुरुग्राम के विभिन्न बाजारों से 125 किलोग्राम खराब पनीर नष्ट किया। साथ ही, दूध और मिठाई के आठ संदिग्ध नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
छापेमारी सदर बाजार मंडी, पटौदी चौक और भगवान परशुराम वाटिका सहित कई क्षेत्रों में की गई। निरीक्षण के दौरान दो दुकानों पर भारी मात्रा में बदबूदार और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पनीर मिला। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए 125 किलो असुरक्षित पनीर जब्त कर नष्ट कराया। इसका उद्देश्य लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ने से रोकना था। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पनीर, खोया और मिठाइयों के कुल आठ नमूने लिए। इनमें चार पनीर, एक खोया और तीन मिठाई के नमूने शामिल हैं। इन सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
मिलावटखोरों पर होगी सख्त कार्रवाई
विभाग को जिले के कई इलाकों से घटिया और मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचे जाने की शिकायतें मिली थीं। इन पर संज्ञान लेते हुए विशेष टीम ने निरीक्षण शुरू किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद संबंधित दुकानदारों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों को बख्शा नहीं जाएगा। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और दुकानदारों को शुद्ध सामग्री बेचने की हिदायत दी गई है।