बिजली-पानी की किल्लत से गुस्साए छात्रों ने लगाया जाम
-पटौदी-हेलीमंडी-कुलाना मार्ग पर आगे घंटे तक लगाया जाम
अमर उजाला ब्यूरो
हेलीमंडी। राजकीय महाविद्यालय जाटौली के छात्र-छात्राओं ने पिछले कई दिनों से बिजली-पानी की किल्लत से परेशान होकर बृहस्पतिवार को पटौदी-हेलीमंडी-कुलाना मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगभग आधा घंटा लगा रहा। विद्यार्थियों ने प्रशासन से तुरंत बिजली-पानी मुहैया कराने की मांग की हैं।
जाम की सूचना मिलते ही हेलीमंडी चौकी इंचार्ज तेजपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। विद्यार्थियों को आश्वासन दिया कि बिजली-पानी की समस्या जल्द ही हल कर दी जाएगी। जाम के कारण सड़क पर दोनों ओर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी लाइनें लग गईं। जाम से वाहन चालकों व यात्रियों को समस्याओं का सामना करना पड़ा।
बता दें कि राजकीय महाविद्यालय जाटौली में लगभग 1600 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। हाल ही में बिजली-पानी नहीं मिलने कारण विद्यार्थियों दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पानी की बोतल खरीदकर छात्राओं को प्यास बुझानी पड़ रही है। वहीं मौके पहुंचे जनस्वास्थ विभाग के जेई मनीष यादव ने पानी की समस्या का शाम तक समाधान करने का आश्वासन दिया। जबकि बिजली समस्या कल तक ठीक करने की बात कही है। प्रिंसिपल सुरेश धनेरवाल ने कहा कि बिजली-पानी की समस्या को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर अवगत करा दिया है।