चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देने वाला बदमाश तोता गिरफ्तार
क्रॉसर...
-क्राइम यूनिट और शिवाजी नगर थाना पुलिस ने किया संयुक्त ऑपरेशन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शिवाजी नगर थाना क्षेत्र में दोस्त को गोली मारकर फरार हुए बदमाश सागर उर्फ तोता को रविवार रात गिरफ्तार किया गया। अपराध शाखा-10 और शिवाजी नगर थाना पुलिस की टीम के ज्वाइंट ऑपरेशन में बदमाश तोता को उसके घर हरसरू से गिरफ्तार किया गया। एक दिन की पुलिस रिमांड में बदमाश के कब्जे से पांच देशी तमंचे और दस कारतूस बरामद किए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) सुमित कुमार के मुताबिक छह जुलाई की रात तोता अपने दोस्तों मुर्गा, मोनू उर्फ टाइम पास और परमजीत शक्तिनगर में ही बैठकर शराब पी रहा था। तोता का किसी बात को लेकर परमजीत से झगड़ा हो गया, जिस पर तोता ने तमंचा निकालकर उसकी नाक पर गोली मार दी। वारदात के बाद वह फरार हो गया। परमजीत को अस्पताल में दाखिल कराया गया, जहां अभी उसका उपचार चल रहा है।
रविवार को बयान दर्ज होने के बाद पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली थी और आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। रविवार देर रात पुलिस ने हरसरू स्थित उसके घर पर छापा मारा। पुलिस को देखकर तोता हथियारों से भरा बैग लेकर छत से कूद गया। जिससे उसके दाहिने हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने सोमवार को उसका इलाज कराने के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया।
डीसीपी के मुताबिक पुलिस रिमांड में कई और वारदात का खुलासा हुआ है। चार जुलाई को इसने बसई एन्क्लेव में तमंचा दिखाकर बाइक एवं नकदी लूटने की वारदात की। इसके बाद इसी दिन गढ़ी साढराणा रोड पर एक कारोबारी से तमंचे की नोक पर मोबाइल एवं नकदी छीनी थी। पुलिस ने इसके पास से चोरी की दो बाइक भी बरामद की हैं।
-----------------