70 फीसदी से कम अंक वालों को नहीं मिलेगा हॉस्टल में दाखिला
गुरुग्राम। कॉलेजों में दाखिले के बाद अब हॉस्टल लेने में भी विद्यार्थियों को मशक्कत करनी पड़ेगी। शैक्षणिक सत्र 2018-19 के लिए विभिन्न कोर्स में दाखिला प्रक्रिया पूरी होने के बाद हॉस्टल के लिए भी मेरिट लिस्ट निकाली जाएगी। इसमें 70 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी हॉस्टल अलॉटमेंट के हकदार नहीं होंगे। इसके अलावा हॉस्टल उन्हीं को अलॉट होगा, जिनका घर 40 किलो मीटर से ज्यादा दूरी पर होगा। सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया दाखिले के बाद शुरू की जाएगी।
सीट अलॉटमेंट के समय छात्राओं के साथ अभिभावकों का होना भी जरूरी होगा। सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सुशीला कुमारी ने बताया कि मेरिट के अनुसार ही छात्राओं को हॉस्टल अलॉट किया जाएगा। ऐसे में विद्यार्थियों को दाखिले के बजाय हॉस्टल के लिए भी मेरिट लिस्ट में नाम आने का इंतजार करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि 15-16 जुलाई तक लिस्ट लगा दी जाएगी। वहीं, द्रोणाचार्य कॉलेज की प्रधानाचार्या सुषमा चौधरी ने बताया कि दाखिले के बाद जैसे जैसे आवेदन आएंगे छात्रों को हॉस्टल अलॉट करना शुरू कर दिया जाएगा।
--------------------
दूरी के अनुसार मिलेंगे प्वाइंट
-हॉस्टल अलॉट के लिए ज्यादा दूरी वाले छात्रों को प्लाइंट का लाभ मिलेगा। इसमें 40 किलो मीटर के बाद हर 15 किलो मीटर की दूरी से आने वाली छात्राओं को एक प्वाइंट मिलेगा।