जिला रेडक्रॉस सोसाइटी राज्य पुरस्कार से सम्मानित
गुरुग्राम। नशा मुक्ति अभियान में जागरूकता एवं उल्लेखनीय कार्यों के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से रेडक्रॅास गुरुग्राम को राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। कुरुक्षेत्र में विश्व विकलांगता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने रेडक्रॉस सोसायटी को पचास हजार रुपये की राशि का चेक व प्रशंसा पत्र देकर पुरस्कृत किया।
रेडक्रॉस सचिव श्याम सुंदर के मुताबिक, रेडक्रॅास गुरुग्राम विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में अच्छा काम कर रही है। जिसमें बेटी बचाओ अभियान, दिव्यांग कैंप, प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण, नशा मुक्ति जागरूकता एवं पॉलिथीन मुक्त अभियान शामिल हैं। सोसायटी के साथ अन्य सामाजिक संगठन भी मिल सरकार की योजनाओं को सफल बना रहे हैं। जिसके लिए यह सम्मान प्राप्त हुआ है। जिला उपायुक्त एवं रेडक्रॉस अध्यक्ष विनय प्रताप सिंह ने इस उपलब्धि के लिए रेडक्रॉस की टीम को बधाई दी।