गुरुग्राम। बरसात के बाद सेक्टर-27, 40 व 46 में इमारतों के झुकने के पीछे हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने 11 कमियों की सूची तैयार की है। अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में पाया कि प्लॉट पर निर्माण के दौरान नींव पूरी तरह से नहीं खोदी गई थी। प्लॉट के आकार के अनुसार उनकी ऊंचाई काफी अधिक थी। साथ में प्लॉट खाली होने के कारण इमारत को सपोर्ट नहीं मिल पाया। प्लॉट मालिकों ने इमारत को स्वीकृत बिल्डिंग प्लान के अनुसार नहीं बनाया था। साथ ही, कुछ अन्य कारण हैं, जिनसे इमारत झुक गई।
अधिकारियों के मुताबिक, सेक्टर-46 की पांच मंजिला इमारत में से दो मंजिल तोड़ी जा चुकी हैं। सेक्टर-28 की चौथी व सेक्टर-40 की पांचवीं मंजिल तोड़ी जा रही है। उधर, बिना निर्माण कार्य पूरा हुआ ओसी जारी करने की बात सामने आने के बाद अफसरों में हलचल है। एचएसवीपी प्रशासक जितेंद्र यादव ने मामले की जांच के लिए कमेटी बनाई है। इसकी रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई होगी।