रोड स्वीपिंग और गलियों की सफाई का कार्य निजी एजेंसी को सौंपने की प्रक्रिया शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। नगर निगम मानेसर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निगम प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के बाद अब रोड स्वीपिंग और गलियों की सफाई का कार्य भी निजी एजेंसी को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए नगर निगम ने पांच साल का टेंडर जारी किया है।
नगर निगम इस योजना पर अगले पांच साल में करीब 107 करोड़ रुपये खर्च करेगा। ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और 5 जून को टेंडर खोले जाएंगे। इसके बाद जो एजेंसी आगे आएगी उसे कार्यभार सौंप दिया जाएगा। अभी नगर निगम द्वारा छह महीने के आधार पर सफाई कार्य कराया जा रहा है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि कम अवधि के टेंडर होने के कारण सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावी नहीं हो पा रही थी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद नियमित मॉनिटरिंग और जवाबदेही तय की जाएगी।
योजना के तहत पूरे निगम क्षेत्र के 20 वार्डों में 600 से अधिक सफाईकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सफाई कार्य के लिए दो बड़ी और तीन मध्यम आकार की आधुनिक मशीनें भी लगाई जाएंगी। एजेंसी सड़कों और गलियों की सफाई के साथ-साथ कूड़े के उठान और निस्तारण का काम भी करेगी।
फिलहाल नगर निगम क्षेत्र में कई स्थानों पर कूड़े के ढेर और गंदगी की समस्या बनी हुई है। सड़क किनारे फैला कूड़ा और उड़ती धूल लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। कई जगह खुले में कूड़ा जलाने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। नगर निगम के कार्यकारी अभियंता निजेश ने बताया कि नई एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपने के बाद सफाई व्यवस्था में सुधार होगा और नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।