- विजयदशमी महोत्सव में प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित, 51 फीट के रावण का दहन
फोटो-
गुरुग्राम। विश्व हिंदू परिषद, जिला गुरुग्राम के तत्वावधान में सेक्टर-23 स्थित श्री शक्ति मंदिर समिति की ओर से आयोजित विजयदशमी महोत्सव में नशे के खिलाफ सराहनीय कार्य करने वाले 10 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय महामंत्री बजरंग लाल बागड़ा ने पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस दौरान 51 फीट ऊंचे रावण का दहन भी किया गया।
एचएसवीपी गार्डन में आयोजित महोत्सव की इस वर्ष की थीम ‘राष्ट्र निर्माण में नशामुक्त समाज’ रखी गई। इसके माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया। बजरंग लाल बागड़ा ने कहा कि विजयदशमी केवल रावण दहन का पर्व नहीं, बल्कि समाज में व्याप्त बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लेने का अवसर है। नशा युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचा रहा है। नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए पुलिस प्रशासन, सामाजिक संगठनों, परिवारों और युवाओं को मिलकर प्रयास करने होंगे। महोत्सव में उपनिरीक्षक राजबीर सिंह, हरपाल और जगबीर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक भूदेव और राज कुमार, लोअर हेड कांस्टेबल राज बाला तथा निरीक्षक सुमित, नरेंद्र और सुधीर के अलावा उपनिरीक्षक धर्मेंद्र को सम्मानित किया गया। ब्यूरो