गुरुग्राम डिपो में 20 मिनी बसें थीं, प्रतिदिन पांच हजार से ज्यादा यात्री करते हैं सफर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। गुरुग्राम डिपो से 10 मिनी बसों को पंचकूला के कालकाजी डिपो में स्थानांतरित कर दिया गया है। इस कदम से गुरुग्राम डिपो के पास अब केवल 10 मिनी बसें रह गई हैं, जबकि पहले 20 बसें थीं।
यह मिनी बसें सोहना, मानेसर, पटौदी और फर्रुखनगर सहित विभिन्न ग्रामीण रूटों पर संचालित होती थीं। इन बसों के जाने से ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में भारी असुविधा होने की संभावना है, क्योंकि इन रूटों पर पर्याप्त संख्या में रोडवेज बसें उपलब्ध नहीं हो पाएंगी। गुरुग्राम डिपो से प्रतिदिन पांच हजार से ज्यादा यात्री सफर करते हैं।
हालांकि डिपो प्रबंधन का दावा है कि उनके पास कुछ बसें अतिरिक्त थीं, जिन्हें भेजा गया है और इससे सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ेगा लेकिन बसों की संख्या घटने से लोकल रूटों पर बसों का संचालन निश्चित रूप से प्रभावित होगा। पहले अतिरिक्त बसें होने से कोई बस खराब होने पर दूसरी बस उपलब्ध हो जाती थी, पर अब यह सुविधा नहीं होगी, जिससे आगे के रूट भी प्रभावित हो सकते हैं। इन बसों की ग्रामीण और भीड़भाड़ वाली सड़कों पर सुगमता से चलने के कारण ये अत्यंत महत्वपूर्ण थीं।
अतिरिक्त बसें होने के चलते बसों को पंचकूला भेजा गया है। यात्रियों की संख्या के हिसाब से उनके पास पर्याप्त बसें हैं। अगर जरूरत पड़ेगी तो बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए बसों का समय अनुसार संचालन किया जा रहा है। - राम खिलाड़ी, ड्यूटी निरीक्षक