हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत लगे थे कर्मचारी, इन पर गिर सकती है गाज
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना बिजली विभाग के करीब 10 कर्मचारियों पर गाज गिर सकती है। इन पर बोगस प्रमाण पत्र के जरिए नौकरी पाने के आरोप हैं। ये सभी हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत कार्यरत हैं। आरोप है कि ऐसे कर्मचारियों ने नौकरी हासिल करने में फर्जी शैक्षणिक दस्तावेज का इस्तेमाल किया था। वहीं उक्त मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है। इसमें आरोपी कर्मचारियों पर आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता गांव कूलियाका निवासी तस्लीम कटारिया ने आरोप लगाया कि सोहना बिजली विभाग डिवीजन कार्यालय में तैनात दस कर्मचारियों ने नौकरी पाने के लिए आईटीआई प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए थे। इनका विभागीय स्तर पर सत्यापन भी किया गया लेकिन इसके विपरीत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान रेवाड़ी ने कहा कि यह प्रमाण पत्र संस्थान से संबंधित नहीं हैं। इनका संस्थान में कोई रिकॉर्ड भी नहीं है। शिकायतकर्ता ने उक्त पत्र को शिकायत में मूल आधार बनाया है। तस्लीम कटारिया ने मामले की शिकायत डीजीपी, पुलिस कमिश्नर, एसीपी सोहना, सिटी थाना प्रभारी को दी है।