यात्रियों को प्राइवेट बस और मेट्रो पर होना पड़ रहा है निर्भर
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। दिल्ली ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (डीटीसी) की दिल्ली के आनंद विहार से गुरुग्राम आने वाली 10 बसें बंद हो गई हैं। उनकी जगह पर अब दिल्ली के हसनपुर से तीन बसें यात्रियों की सुविधा के लिए आ संचालित हैं। बसों की संख्या कम होने से यात्रियों को प्राइवेट बसों और मेट्रो पर निर्भर होना पड़ता है। निजी बसों में यात्रियों को ज्यादा किराया देने के लिए मजबूर होना पड़ता है। डीटीसी की बसों को बीते एक हफ्ते पहले ही बंद किया गया है।
मौजूदा समय में डीटीसी की तीन-तीन बसें उत्तम नगर, नजफगढ़ और करोल बाग से संचालित हैं। एक बस धौला कुआं से धारूहेड़ा के लिए भी संचालित हो रही है लेकिन वह दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर स्थित इफको चौक से ही धारूहेड़ा के लिए चली जाती है। वह बस शहर के अंदर नहीं आती है।
दिल्ली से गुरुग्राम काफी संख्या में यात्री प्रतिदिन सफर करते हैं। बसों की संख्या कम होने से वह काफी ज्यादा प्रभावित होते हैं। डीटीसी की बसें अपने तय समय पर चलती है और उन्हें शहर के अंदर ही बसें मिल जाती हैं। प्राइवेट बसें अपने समय से नहीं चलती है इसकी वजह से वह अपने गंतव्य पर कई बार देरी से पहुंचते हैं। कई बार प्राइवेट बसों के संचालक किराये में बढ़ोतरी कर देते हैं, जिसकी वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मेट्रो तक पहुंचने के लिए कई ऑटो बदलकर पहुंचना पड़ता है, जिससे किराये के साथ ही समय भी ज्यादा लगता है। गुरुग्राम डिपो पर डीटीसी का स्टैंड इंचार्ज योगेश कुमार ने बताया कि अप्रैल में बसों का संचालन फिर से शुरू किया जा सकता है।