साइबर सिटी के रुतबे के हिसाब से पिछड़े गुड़गांव रेलवे स्टेशन के दिन बदलने की उम्मीद है। इसके लिए रेलवे स्टेशन को दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन की तरह यार्ड स्टेशन बनवाया जाएगा। गुड़गांव में 50 एकड़ क्षेत्र में रेलवे यार्ड बनाया जाएगा। यह बात रविवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कही। मुख्यमंत्री कांकरौला-भांगरौला में आयोजित विकास रैली में हिस्सा लेने आए थे।
उन्होंने कहा कि दिल्ली के नजदीक होते हुए भी गुड़गांव रेलवे स्टेशन में बड़ी ट्रेनें नही रुकती हैं। यहां के लोगों को दिल्ली जाकर ट्रेन लेनी पड़ती है। गुड़गांव में हजरत निजामुद्दीन की तरह टर्मिनल बनाने को लेकर रेल मंत्रालय से बात की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए रेल मंत्री की मौखिक सहमति मिल चुकी है। अब अगले चरण की बैठक होगी, जिसमें बाकी चीजें स्पष्ट हो जाएंगी। गुड़गांव से स्थानीय सांसद और विधायकों के लिए मुद्दा रहे गुड़गांव विकास प्राधिकरण (जीडीए) की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, लेकिन इस पर सरकार कोर्ट के अड़चनों को दूर करने के लिए विधानसभा में कानून लाएगी। इसके जरिये जीडीए का गठन किया जा सके। हालांकि सीएम ने 900 मीटर आयुध डिपो में विकास के मुद्दे और खेड़कीदौला टोल टैक्स हटाने की मांग पर कुछ भी नहीं कहा।